कोलकाता में हवा में ‘झूलने’ लगी मेस्सी की प्रतिमा, पेंच ढीले पाए गए

कोलकाता में हवा में ‘झूलने’ लगी मेस्सी की प्रतिमा, पेंच ढीले पाए गए

कोलकाता में हवा में ‘झूलने’ लगी मेस्सी की प्रतिमा, पेंच ढीले पाए गए
Modified Date: May 25, 2026 / 07:09 pm IST
Published Date: May 25, 2026 7:09 pm IST

कोलकाता, 25 मई (भाषा) कोलकाता के लेक टाउन इलाके के एक व्यस्त हिस्से में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राहगीरों ने दिग्गज फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी की विशाल प्रतिमा को हवा में हिलते हुए देखा। इसके बाद पुलिस और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रतिमा का निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने बताया कि वीआईपी रोड के किनारे बने भूमिगत पैदल यात्री क्रॉसिंग के ऊपर स्थापित 70 फुट ऊंची प्रतिमा में संरचनात्मक खामी पाई गई।

इस प्रतिमा का अनावरण पिछले साल दिसंबर में मेस्सी की कोलकाता यात्रा के दौरान किया गया था।

यह मामला दोपहर में तब सामने आया जब स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने विशाल संरचना में थोड़ी हलचल देखी और लेक टाउन पुलिस थाने को इसकी सूचना दी।

पुलिस ने बाद में सार्वजनिक परिवहन विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सूचित किया, जिसके बाद अभियंताओं और कर्मचारियों ने संरचना का निरीक्षण किया और मरम्मत कार्य किया।

उन्होंने बताया, ‘‘ जांच के दौरान पता चला कि मुख्य ढांचे में लगे पेंच ढीले हो गए थे। संभवतः इसी वजह से लोगों को मूर्ति हिलती हुई दिखाई दी। समस्या का समाधान कर दिया गया है।’’

कोलकाता दौरे में अर्जेंटीना के दिग्गज खिलाड़ी ने रिमोट कंट्रोल के जरिए इस प्रतिमा का अनावरण किया था।

लेकिन, जल्द ही यह ढांचा कानूनी और सार्वजनिक जांच के केंद्र में आ गया। इससे पहले अदालत में यह सवाल उठाया गया था कि क्या यह प्रतिमा सरकारी जमीन पर लगाई गई है और क्या इसके लिए आवश्यक मंजूरी प्राप्त की गई है।

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि सड़क किनारे इतनी बड़ी प्रतिमा लगाने के लिए सख्त सुरक्षा उपायों की आवश्यकता है, और सवाल उठाया कि क्या सभी प्रक्रियात्मक आवश्यकताओं और अनापत्ति संबंधी स्वीकृतियों का पालन किया गया था।

हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि तात्कालिक संरचनात्मक समस्या का समाधान कर दिया गया है और उस स्थल की निगरानी जारी रहेगी।

भाषा शोभना नरेश

नरेश

नरेश


लेखक के बारे में