मौसम विभाग ने बेंगलुरु के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया

मौसम विभाग ने बेंगलुरु के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया

मौसम विभाग ने बेंगलुरु के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया
Modified Date: September 11, 2025 / 04:39 pm IST
Published Date: September 11, 2025 4:39 pm IST

बेंगलुरु, 11 सितंबर (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को बेंगलुरु शहरी और ग्रामीण जिलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया।

‘ऑरेंज’ अलर्ट का मतलब है 11 सेंटीमीटर से 20 सेंटीमीटर तक की भारी बारिश।

बेंगलुरु स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने एक बयान में मध्यम दर्जे की बारिश और कुछ स्थानों पर बादल गरजने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की चेतावनी दी है। उसने अस्थायी बिजली आपूर्ति बाधित होने, घरों को नुकसान पहुंचने और पेड़ों की कमज़ोर शाखाओं के उखड़ने की आशंका जताई है। निवासियों को एहतियाती कदम उठाने की सलाह दी गई है।

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बृहस्पतिवार सुबह साढ़े पांच बजे तक पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई। शहर में 52.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पड़ोसी कोलार जिले के तमका में 102 मिमी बारिश हुई।

बेंगलुरु के अलावा कलबुर्गी में 72.5 मिमी बारिश हुई, जबकि कोप्पल में गंगावती, विजयपुरा में तिडागुंडी और उत्तर तथा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अन्य भागों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई।

अगले 48 घंटों तक बेंगलुरु में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे, हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है और कुछ इलाकों में तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।

आईएमडी ने एक बयान में कहा कि अगले तीन दिनों तक कलबुर्गी, विजयपुरा, बागलकोट, कोप्पल, बल्लारी और विजयनगर जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि तटीय और आंतरिक कर्नाटक के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

भाषा गोला पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में