कुर्सी से टकराने पर आपत्ति जताने पर रेस्तरां में नाबालिग को गोली मारी, हालत गंभीर

Ads

कुर्सी से टकराने पर आपत्ति जताने पर रेस्तरां में नाबालिग को गोली मारी, हालत गंभीर

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 12:30 AM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 12:30 AM IST

नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक रेस्तरां से बाहर निकलते समय कथित तौर पर कुर्सी से टकराने पर आपत्ति जताने के बाद 17 वर्षीय छात्र को एक युवक ने गोली मारी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पीड़ित को तुरंत मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां से उसे एम्स के लिए रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे ‘वेंटिलेटर सपोर्ट’ पर रखा गया है।

पुलिस को इस घटना की सूचना रात 7.54 बजे दी गई थी। पुलिस के अनुसार, किशोर एक लड़की सहित अपने दोस्तों के साथ रेस्तरां गया था, तभी लड़कों का एक समूह उनकी टेबल के पास से गुजरा।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘पास से गुजरने के दौरान एक लड़का पीड़ित की कुर्सी से टकरा गया। पीड़ित ने इस पर आपत्ति जताई और उससे ठीक से चलने को कहा।’

अधिकारी ने बताया कि वह समूह रेस्तरां से बाहर चला गया, लेकिन करीब चार से पांच मिनट बाद वापस लौटा और उनमें से एक ने पीड़ित पर गोली चला दी और भाग गया।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित के पिता का छतरपुर एन्क्लेव इलाके में लॉन्ड्री का व्यवसाय हैं।

अधिकारी ने कहा, ‘आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है।’

भाषा नोमान शोभना

शोभना