आइजोल, चार जून (भाषा) मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने बृहस्पतिवार को उत्तर पूर्वी परिषद (एनईसी) की 73वीं पूर्ण बैठक में पूर्वोत्तर आर्थिक गलियारे के त्वरित कार्यान्वयन का आह्वान किया। आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई बैठक में लालदुहोमा ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र अपने समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों, जीवंत मानव पूंजी और अद्वितीय सांस्कृतिक विरासत के साथ, भारत के भविष्य के विकास का एक प्रमुख कारक बनने के लिए रणनीतिक रूप से उपयुक्त स्थिति में है।
बैठक के दौरान, लालदुहोमा ने पूर्वोत्तर आर्थिक गलियारे पर उच्चस्तरीय कार्य बल की अंतिम रिपोर्ट केंद्रीय गृह मंत्री को सौंपी और कहा कि प्रस्तावित गलियारे के कार्यान्वयन से पूर्वोत्तर में अंतरराज्यीय संपर्क, पर्यटन, निवेश, व्यापार और रसद को मजबूत करने के लिए एक एकीकृत ढांचा उपलब्ध होगा।
बयान के अनुसार, मिजोरम के मुख्यमंत्री द्वारा की गई एक प्रमुख सिफारिश व्यापक ‘वन-ग्रिड दृष्टिकोण’ को अपनाने की थी, जो सड़कों, रेलवे, हवाई संपर्क, जलमार्ग, बिजली आपूर्ति, दूरसंचार और साजो-सामान संबंधी बुनियादी ढांचे को एक समन्वित विकास ढांचे में एकीकृत करेगा।
भाषा
नेत्रपाल पवनेश
पवनेश