मिजोरम में 350 पुलिसकर्मियों और 94 होमगार्ड की होगी भर्ती: गृह मंत्री
मिजोरम में 350 पुलिसकर्मियों और 94 होमगार्ड की होगी भर्ती: गृह मंत्री
आइजोल, 25 मई (भाषा) मिजोरम के गृह मंत्री के. सपडांगा ने सोमवार को कहा कि राज्य सरकार जल्द ही 350 पुलिसकर्मियों और 94 होमगार्ड के लिए भर्ती अभियान शुरू करेगी।
सपडांगा ने बताया कि सरकार ने राजधानी आइजोल को भूस्खलन से बचाने के लिए 35 करोड़ रुपये की ‘शहरी सुरक्षा पहल’ शुरू की है। उनके पास शहरी विकास और गरीबी उन्मूलन (यूडीएंडपीए) विभाग का प्रभार भी है।
यहां पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार पिछले वर्ष के भर्ती अभियान की तरह ही निष्पक्ष और पारदर्शी चयन प्रक्रिया के माध्यम से 150 निहत्थे कांस्टेबल और 200 सशस्त्र पुलिस कर्मियों की भर्ती करेगी।
उन्होंने बताया कि सरकार 94 मिजोरम होमगार्ड (एमआरएचजी) कर्मियों के लिए पहले ही भर्ती अधिसूचना जारी कर चुकी है।
हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि चूंकि महिलाओं का कोटा पहले ही भरा जा चुका है, इसलिए वर्तमान भर्ती अभियान केवल पुरुष आवेदकों के लिए खुला होगा।
सपडांगा ने आइजोल को बार-बार होने वाले भूस्खलन और बाढ़ से बचाने के उद्देश्य से सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मिशन अर्बन ड्रेन’ (एमयूडी) परियोजना का विवरण भी साझा किया।
उन्होंने कहा कि परामर्शदाता कंपनियों ने परियोजना के लिए सर्वेक्षण पूरा कर लिया है और सभी 40 निर्वाचन क्षेत्रों में 44 स्थानों पर विकास कार्य की योजना बनाई गई है।
गृहमंत्री ने बताया कि 35 करोड़ रुपये के अनुमानित परिव्यय वाली इस पहल को अन्य जिला मुख्यालयों में विस्तारित करने से पहले आइजोल के संवेदनशील या भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में लागू किया जाएगा। विभाग आइजोल शहर का एक ‘मास्टर ड्रेनेज मैप’ तैयार करेगा।
भाषा सुमित माधव
माधव

Facebook


