विधायक जी सुधाकरन ने केरल विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष के रूप में शपथ ली

Ads

विधायक जी सुधाकरन ने केरल विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष के रूप में शपथ ली

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 11:37 AM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 11:37 AM IST

तिरुवनंतपुरम, 20 मई (भाषा) वरिष्ठ विधायक जी. सुधाकरन ने बुधवार को यहां लोक भवन में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह के दौरान केरल की 16वीं विधानसभा के अस्थायी अध्यक्ष के रूप में शपथ ली।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के पूर्व नेता सुधाकरन ने संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के समर्थन से अंबलपुझा निर्वाचन क्षेत्र से नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की।

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने मुख्यमंत्री वीडी सतीशन और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों की उपस्थिति में सुधाकरन को शपथ दिलाई।

रमेश चेन्निथला, सी पी जॉन, ओ जे जनीश, पी सी विष्णुनाथ, बिंदू कृष्णा और रोजी एम जॉन सहित कैबिनेट मंत्रियों ने समारोह में भाग लिया और अस्थायी अध्यक्ष को बधाई दी।

एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, केरल विधानसभा के नव निर्वाचित सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह 21 मई को सुबह नौ बजे विधानसभा परिसर में आयोजित किया जाएगा।

अधिसूचना के अनुसार, विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव 22 मई को होगा और राज्यपाल 29 मई को विधानसभा को संबोधित करेंगे।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा