एमएलसी चुनाव: वापस लिया नामांकन तो शिवसेना उबाठा से प्रत्याशी निष्कासित

Ads

एमएलसी चुनाव: वापस लिया नामांकन तो शिवसेना उबाठा से प्रत्याशी निष्कासित

  •  
  • Publish Date - June 4, 2026 / 08:29 PM IST,
    Updated On - June 4, 2026 / 08:29 PM IST

छत्रपति संभाजीनगर, चार जून (भाषा) महाराष्ट्र विधान परिषद की औरंगाबाद-जालना सीट से शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की उम्मीदवार देवयानी पाटील डोणगांवकर द्वारा बृहस्पतिवार को अपना नामांकन वापस लिए जाने के बाद पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।

पार्टी ने उनके पति कृष्ण पाटिल डोणगांवकर को भी निष्कासित कर दिया है।

स्वायत्त संस्थान निर्वाचन क्षेत्र की विधान परिषद की 17 सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना तय है। बृहस्पतिवार को नामांकन वापस लेने का अंतिम दिन था।

शिवसेना (उबाठा) के नेता अंबादास दानवे ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका में पार्टी के गुट नेता गणेश लोखंडे अब विपक्षी गठबंधन ‘महा विकास आघाड़ी’ (एमवीए) के आधिकारिक उम्मीदवार होंगे। शिवसेना (उबाठा) के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर देवयानी पाटिल डोणगांवकर और उनके पति कृष्ण पाटिल डोणगांवकर को पार्टी से बाहर किए जाने की घोषणा की।

भाषा सुमित नरेश

नरेश