एमएनएफ की युवा शाखा ने मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया, लालदुहोमा से माफी की मांग की

Ads

एमएनएफ की युवा शाखा ने मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया, लालदुहोमा से माफी की मांग की

  •  
  • Publish Date - August 8, 2026 / 07:33 PM IST,
    Updated On - August 8, 2026 / 07:33 PM IST

आइजोल, आठ अगस्त (भाषा) आइजोल में विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) की युवा शाखा के सदस्यों ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। मिजोरम शांति समझौते और इनर लाइन परमिट (आईएलपी) नियमों को लेकर मुख्यमंत्री की हालिया टिप्पणियों के लिये उनसे माफी की मांग की।

मीजो नेशनल यूथ फ्रंट (एमएनवाईएफ) के उपाध्यक्ष लालनुनमाविया पाउतु के अनुसार, प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री लालदुहोमा के दिल्ली से लौटने पर ‘पावडुम’, यानी शोक या दुख का प्रतीक मिजो समुदाय की पारंपरिक शॉल, और काले झंडों के साथ उनका स्वागत करने की योजना बना रहे थे।

पाउतु ने बताया कि इसके जरिए वे लालदुहोमा की कथित टिप्पणियों को लेकर अपनी निराशा और दुख व्यक्त करना चाहते थे।

आरोप है कि उनकी टिप्पणियों से मिजोरम के संवैधानिक संरक्षण को कमजोर किया गया और 1986 के शांति समझौते के ऐतिहासिक एवं राजनीतिक महत्व को कम करके आंका गया।

हालांकि, उन्होंने बताया कि प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री अपने कार्यालय नहीं आए।

बाद में, पाउतु ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से 15 अगस्त से पहले सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और अपने बयानों को वापस लेने का आग्रह करते हुए एक पत्र प्रदर्शित किया और इसके बाद दोपहर में वहां से चले गए।

एमएनवाईएफ के अध्यक्ष गोगो लालरेम्तलुआंगा ने दावा किया कि लालदुहोमा की हालिया टिप्पणियों से मिजोरम के लोग निराश हुए हैं।

उन्होंने कहा, “लालदुहोमा को लोगों ने मुख्यमंत्री पद इस उम्मीद के साथ सौंपा है कि वे उनकी समस्याओं और आकांक्षाओं का समाधान करेंगे। उनके ऐसे बयानों से हमें दुख हुआ है, जो युवा पीढ़ी को गुमराह कर सकते हैं।”

मिजोरम की मुख्य विपक्षी पार्टी और 1986 के शांति समझौते की हस्ताक्षरकर्ता एमएनएफ ने मांग की है कि मुख्यमंत्री 15 अगस्त से पहले माफी मांगें और अपने बयानों को वापस लें।

भाषा तान्या रंजन

रंजन