नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को देश में कथित एलपीजी संकट के खिलाफ प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि यह स्थिति इसलिए पैदा हुई क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने ‘‘झुक गए’’ हैं।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के नेतृत्व में ‘गैस सिलेंडर शोभा यात्रा’ राजधानी के हर वार्ड में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा निकाली गई।
भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली भर में 250 स्थानों पर प्रदर्शन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘रविवार को दिल्ली में 250 स्थानों पर गैस सिलेंडर शोभायात्राएं निकाली गईं। लोग गैस सिलेंडरों की एक दुर्लभ झलक पाने के लिए भारी उत्साह दिखा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विफल विदेश नीति ने देश को इस स्थिति में धकेल दिया है।’’
त्रिलोकपुरी में निकाली गई यात्रा के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने ट्रंप के सामने सिर झुकाकर आत्मसमर्पण कर दिया है। इन गलत विदेश नीतियों के कारण आज देश में गैस की भारी कमी है।’’
भाषा
नेत्रपाल खारी
खारी