मतगणना केंद्र पर ‘ड्रामाबाजी’ कर रहीं ममता बनर्जी: शुभेंदु

Ads

मतगणना केंद्र पर ‘ड्रामाबाजी’ कर रहीं ममता बनर्जी: शुभेंदु

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 07:37 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 07:37 PM IST

कोलकाता, एक मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर पिछली रात मतगणना केंद्र के सामने ‘ड्रामाबाजी’ करने का आरोप लगाया।

शुभेंदु ने भवानीपुर स्थित भाजपा चुनाव कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि मुख्यमंत्री चाहे दो दिन और इस तरह का नाटक करती रहें, लेकिन इससे नतीजे नहीं बदलेंगे।

भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस प्रमुख के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले शुभेंदु ने कहा, “वह (ममता) जो कर रही हैं वह ‘ड्रामाबाजी’ से कम नहीं है। वह वॉशरूम जैसी सुविधाओं से लैस गाड़ी में मतगणना केंद्र पहुंचीं और वहां चार घंटे तक रहीं। अगर वह परिणाम बदलना भी चाहती हैं, तो ऐसा कभी नहीं होगा।”

विपक्ष के नेता ने कहा, “पश्चिम बंगाल में उनका (ममता का) सत्ता से बाहर होना तय है।”

शुभेंदु, पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं।

उन्होंने ममता बनर्जी के ईवीएम में हेराफेरी के आरोपों पर कहा, “उनकी योजना क्या है? वह जो कुछ भी कर रही हैं, वह सही नहीं है। वह हताश हैं क्योंकि वह हार रही हैं। पश्चिम बंगाल में परिवर्तन हो रहा है, और यह बात सभी जानते हैं। सही नतीजे चार मई की दोपहर तक पता चल जाएंगे। लेकिन भाजपा की सरकार आ रही है।”

ममता बनर्जी बृहस्पतिवार शाम को ईवीएम में हेराफेरी की आशंका जताते हुए भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतगणना केंद्र पहुंची थीं।

दक्षिण कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल में मतगणना केंद्र से आधी रात के बाद रवाना हुईं ममता ने कहा कि निर्धारित मतगणना क्षेत्र में केवल एक व्यक्ति को ही प्रवेश की अनुमति होगी।

उन्होंने मतगणना से पहले कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, “अगर मतगणना प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने की साजिश रची जाती है, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

भाषा जितेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल