वर्ष 2030 तक भारत को लाइव इवेंट्स का वैश्विक केंद्र बनाने की योजना : सरकार

Ads

वर्ष 2030 तक भारत को लाइव इवेंट्स का वैश्विक केंद्र बनाने की योजना : सरकार

  •  
  • Publish Date - May 1, 2026 / 07:38 PM IST,
    Updated On - May 1, 2026 / 07:38 PM IST

नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) सरकार की योजना लक्ष्य संगीत समारोह अर्थव्यवस्था को राष्ट्रीय विकास के प्रमुख चालकों में से एक के रूप में स्थापित करना और वर्ष 2030 तक भारत को लाइव इवेंट्स का वैश्विक केंद्र बनाना है। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

विज्ञप्ति के मुताबिक सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अधीन लाइव इवेंट्स डेवलपमेंट सेल (एलईडीसी) की बृहस्पतिवार को आयोजित चौथी बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा की गई। इस बैठक की अध्यक्षता सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने की।

बैठक में नौ केंद्रीय मंत्रालयों, छह राज्यों और 12 उद्योग सदस्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक एलईडीसी का लक्ष्य संगीत समारोह अर्थव्यवस्था को राष्ट्रीय विकास के प्रमुख चालकों में से एक के रूप में स्थापित करना और 2030 तक भारत को लाइव इवेंट्स का वैश्विक केंद्र बनाना तथा इस क्षेत्र में 1.5-से दो करोड़ अतिरिक्त नौकरियां सृजित करना है। अनुमान है कि यह क्षेत्र वर्ष 2028 तक 10 प्रतिशत की दर से बढ़कर 196 अरब रुपये तक पहुंच जाएगा।

भारत में संगठित लाइव इवेंट्स का क्षेत्र मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में सबसे तेजी से बढ़ने वाले हिस्से के रूप में उभरा है।

बैठक के दौरान, सूचना और प्रसारण मंत्रालय के सचिव ने भारत के लाइव इवेंट उद्योग के विकास के लिए एक समन्वित कार्ययोजना तैयार करने में एलईडीसी की भूमिका को रेखांकित किया।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश