जीडीपी की 7.8% वृद्धि दर का श्रेय मोदी ने देशवासियों को दिया; ‘झूठ की गूंज’ फैलाने वालों पर निशाना

Ads

जीडीपी की 7.8% वृद्धि दर का श्रेय मोदी ने देशवासियों को दिया; 'झूठ की गूंज' फैलाने वालों पर निशाना

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 12:29 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 12:29 PM IST

नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैश्विक उथल-पुथल, युद्धों और आपूर्ति शृंखला में व्यवधानों के बावजूद सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की 7.8 प्रतिशत वृद्धि दर हासिल करने को बेहद प्रभावशाली बताते हुए मंगलवार को इसका श्रेय देश की जनता को दिया।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर जारी एक वीडियो संदेश में ‘‘झूठ की गूंज’’ फैलाने वालों (संभवतः राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान पर तंज) पर निशाना साधते हुए कहा कि जीडीपी की ताजा वृद्धि दर ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर फैलाए जा रहे ‘‘निराशावाद’’ के विमर्श को खारिज कर दिया है।

उन्होंने कहा कि अगर लोग स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर बल देना जारी रखेंगे तो आजादी के 100 वर्ष पूरे होने पर देश के युवाओं को विकसित भारत सौंपेंगे।

प्रधानमंत्री ने लोगों से यह भी आग्रह किया कि जब तक बेहद जरूरी न हो वे विदेश घूमने न जाएं, विदेशों में शादियों का आयोजन न करें और सोना भी न खरीदें।

मोदी ने कहा, ‘‘देशवासियों, बहुत-बहुत बधाई। 7.8 प्रतिशत आर्थिक वद्धि दर। देश खुशियों से भर गया है, लेकिन देशवासियों को मैं बधाई देता हूं उनकी संकल्प शक्ति के लिए, उनके पुरुषार्थ के लिए। (यह उपलब्धि) एक सामूहिक शक्ति का प्रतिबिंब है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया युद्ध में डूबी हुई है, चारों तरफ युद्ध की खबरें आ रही हैं, विश्व संकटों से घिरा हुआ है, आपूर्ति शृंखला पूरी तरह बाधित है और 2020 के कोविड काल से अब तक, कहीं पर भी स्थिरता नजर नहीं आ रही है। उसके बावजूद भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘दूसरी तरफ भारत के भीतर भी निराशा की गर्त में डूबे लोग झूठ की गूंज और चारों तरफ निराशा फैलाने में लगे हैं। इन सारी चीजों को पार करके भी, उन सभी बातों को धता बताकर देश ने 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वद्धि दर हासिल की है।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमें इस गति को बनाए रखना है, बढ़ाना भी है और इसके लिए आत्मनिर्भर भारत बनना बहुत जरूरी है।’’

उन्होंने स्वदेशी के मंत्र और ‘वोकल फॉर लोकल’ का आह्वान करते हुए कहा, ‘‘जरूरत न हो तो विदेशों में घूमने-फिरने नहीं जाना चाहिए। विदेशों में शादी नहीं करना चाहिए। मेड इन इंडिया के मंत्र को जीना चाहिए और जरूरत न हो तो सोना भी नहीं खरीदना चाहिए।’’

मोदी ने कहा, ‘‘हम जितना ज्यादा स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर बल देंगे, मुझे पक्का विश्वास है कि जब आजादी के 100 साल पूरे होंगे तो हम हमारी युवा पीढ़ी को विकसित भारत सुपुर्द करेंगे।’’

उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा, ‘‘हमारी युवा पीढ़ी के सपनों को हम अपने परिश्रम से साकार करके रहेंगे और इसलिए आइए, हम पुरुषार्थ में कमी न रखें।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमारी नीति सही है, हमारी नीयत साफ है और 140 करोड़ देशवासियों की शक्ति एकजुट होकर देश को आज नई ऊंचाइयों की ओर ले जा रही है।’’

सरकार की तरफ से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही। हालांकि, यह जनवरी-मार्च तिमाही के 8.6 प्रतिशत से कम है, लेकिन एक साल पहले की समान तिमाही के 6.9 प्रतिशत से अधिक है।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा