पंजाब के लिए रेल बजट में मोदी सरकार ने कांग्रेस की अपेक्षा 25 गुना वृद्धि की : वैष्णव

Ads

पंजाब के लिए रेल बजट में मोदी सरकार ने कांग्रेस की अपेक्षा 25 गुना वृद्धि की : वैष्णव

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 06:27 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 06:27 PM IST

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को राज्यसभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने पंजाब के लिए 5,673 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड रेल बजट आवंटित किया है, जो कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान राज्य के लिए आवंटित बजट से 25 गुना अधिक है।

वैष्णव ने प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने पंजाब में जमीनी स्तर पर समस्याओं को दूर करने और कार्य में तेजी लाने में मदद के लिए अपने रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू की सराहना की।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पंजाब के लिए 5,673 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बजट आवंटित किया है जो कांग्रेस शासनकाल के बजट से 25 गुना अधिक है।

रेल मंत्री वैष्णव ने कहा, ‘‘पंजाब में, नयी परियोजनाएं आ रही हैं और मेरे सहयोगी रवनीत सिंह बिट्टू व्यक्तिगत रूप से परियोजनाओं की निगरानी करते हैं और मुद्दों को हल करने के लिए व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करते हैं।’’

इस पर नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि यह परस्पर सराहना है, “लेकिन, सचाई यह है कि बिट्टू वहां बैठे हैं और वह कांग्रेस पर हमला कर रहे हैं। बिट्टू जिम्मेदार हैं क्योंकि वह हमारे साथ थे और वह सब कुछ जानते हैं।’’

भाषा अविनाश माधव

माधव