उप्र: भाजपा विधायक पर टिप्पणी करने के मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

Ads

उप्र: भाजपा विधायक पर टिप्पणी करने के मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 08:18 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 08:18 PM IST

लखनऊ, छह फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह के खिलाफ कथित तौर पर मानहानिकारक और भड़काऊ टिप्पणी करने के मामले में लखनऊ के सरोजिनी नगर थाना में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

राजेश्वर सिंह लखनऊ जिले के सरोजिनी नगर विधानसभा क्षेत्र से (भाजपा) के विधायक हैं। वह पूर्व में उत्तर प्रदेश पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय में बतौर अधिकारी कर चुके हैं।

पुलिस के अनुसार यह मामला पांच फरवरी को सरोजिनी नगर पुलिस थाना में दर्ज किया गया। उसने बताया कि यह मामला एक फरवरी को सरोजिनी नगर क्षेत्र के गौरी-बिजनौर रोड स्थित नटकुर तिराहा पर आयोजित एक राजनीतिक सभा में अजय राय द्वारा विधायक के खिलाफ दिए गए भाषण से संबंधित है।

विधायक के सहयोगी शिवशंकर सिंह द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, अजय राय ने जनसभा के दौरान सिंह के खिलाफ ‘‘झूठे, मानहानिकारक और भड़काऊ’’ बयान दिए। शिकायत के मुताबिक राय के उक्त भाषण को रिकॉर्ड किया गया और सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया, जिसमें एक फेसबुक रील भी शामिल है जिसे कथित तौर पर 25,000 से अधिक बार देखा गया है।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि राय ने विधायक पर ‘‘पूरे देश और लखनऊ को लूटने’’ और प्रवर्तन निदेशालय में अपने कार्यकाल के दौरान ‘कदाचार’ में लिप्त होने का आरोप लगाया।

शिकायत में कहा गया कि ‘बेबुनियाद’ आधार पर ‘‘ये टिप्पणियों की गईं जो चुने हुए प्रतिनिधि की छवि को धूमिल करने और राजनीतिक और सामाजिक द्वेष को भड़काने के दुर्भावनापूर्ण इरादे से की गई।’’

पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना), 353 (सार्वजनिक उपद्रव) और 356 (मानहानि) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कृष्णा नगर के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रजनीश वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पुलिस को मिली शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा, ‘‘मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्यवाही तदनुसार की जाएगी।’’

इस प्रकरण पर प्रतिक्रिया देते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष हिंदवी ने कहा, “ये राजनीतिक बयान हैं और उनके पक्ष के लोग जो सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं, अक्सर बेहद आपत्तिजनक कृत्यों में संलिप्त रहते हैं। इस पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दूसरा, हमने भी उनके खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन हमारी शिकायत पर कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। इस पहलू पर भी गौर किया जाना चाहिए।’’

हिंदवी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘इस मामले में शिकायत दर्ज कराना हर किसी का अधिकार है। अगर उनकी शिकायत दर्ज हो चुकी है, तो अदालत इसका संज्ञान लेगी और सच्चाई सामने आ जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर शनिवार को विरोध प्रदर्शन करने की योजना बना रही है।

भाषा किशोर आनन्द रंजन धीरज

धीरज