कांग्रेस की बनाई राष्ट्रीय धरोहरों को बेचने में लगी है मोदी सरकार: अशोक गहलोत

कांग्रेस की बनाई राष्ट्रीय धरोहरों को बेचने में लगी है मोदी सरकार: अशोक गहलोत

कांग्रेस की बनाई राष्ट्रीय धरोहरों को बेचने में लगी है मोदी सरकार: अशोक गहलोत
Modified Date: September 7, 2026 / 01:04 pm IST
Published Date: September 7, 2026 1:04 pm IST

जयपुर, सात सितंबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को नरेन्द्र मोदी सरकार पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह कांग्रेस की बनाई हुई राष्ट्रीय धरोहरों को बेचने में लगी है।

गहलोत ने कहा कि देश का अंतरिक्ष कार्यक्रम पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की दूरदृष्टि और इंदिरा गांधी के दृढ़ नेतृत्व की देन है। उन्होंने कहा कि इन्हीं नेताओं ने वैज्ञानिकों पर भरोसा किया, संसाधन दिए और इसरो जैसी विश्वस्तरीय संस्था खड़ी की।

उन्होंने एक बयान में आरोप लगाया, ‘‘लेकिन आज मोदी सरकार उसी विरासत को चुपचाप निजी हाथों में सौंपने पर तुली है।’’

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘‘बारह साल के शासन में मोदी सरकार ने एक भी नई राष्ट्रीय संस्था नहीं बनाई, इसके उलट कांग्रेस के दौर में बनी मजबूत संस्थाओं को व्यवस्थित तरीके से कमजोर और खोखला करने का काम किया है।’’

उन्होंने कहा कि अब इसरो जैसी गौरवशाली संस्था की बारी है, जिसके कर्मचारी खुद सड़क पर उतरकर सरकार से जवाब मांग रहे हैं।

गहलोत ने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘जो सरकार खुद कुछ बना नहीं सकती, वह कांग्रेस की बनाई हुई राष्ट्रीय धरोहरों को बेचने में लगी है। यह सिर्फ इसरो पर हमला नहीं, बल्कि देश के वैज्ञानिक स्वाभिमान पर हमला है।’’

भाषा पृथ्वी

मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में