मोदी ने भू-तुल्यकालिक कक्षा से तस्वीरें लेने वाले पहले भारतीय उपग्रह के प्रक्षेपण की सराहना की

मोदी ने भू-तुल्यकालिक कक्षा से तस्वीरें लेने वाले पहले भारतीय उपग्रह के प्रक्षेपण की सराहना की

मोदी ने भू-तुल्यकालिक कक्षा से तस्वीरें लेने वाले पहले भारतीय उपग्रह के प्रक्षेपण की सराहना की
Modified Date: September 4, 2026 / 09:19 am IST
Published Date: September 4, 2026 9:19 am IST

नयी दिल्ली, चार सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भू-तुल्यकालिक कक्षा से तस्वीरें लेने वाले देश के पहले उपग्रह के शुक्रवार को सफल प्रक्षेपण की सराहना करते हुए इसे देश के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने शुक्रवार तड़के भू-तुल्यकालिक उपग्रह प्रक्षेपण यान (जीएसएलवी) के जरिये 2,300 किलोग्राम से अधिक वजनी उपग्रह को सटीक कक्षा में स्थापित कर एक बार फिर इतिहास रचा।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इसरो की एक और शानदार उपलब्धि तथा हमारे देश के लिए गौरवपूर्ण क्षण। भू-तुल्यकालिक कक्षा से तस्वीरें लेने वाले भारत के पहले उपग्रह ईओएस-05 को लेकर गए जीएसएलवी-एफ17 का सफल प्रक्षेपण उस उत्कृष्टता, नवोन्मेष और बढ़ती क्षमताओं को दर्शाता है जो भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र की पहचान बन चुकी हैं।’’

प्रधानमंत्री ने कहा कि इसरो और भारतीय उद्योग के बीच बढ़ती साझेदारी देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नयी मजबूती एवं व्यापकता दे रही है तथा पूरे अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र में भारत की क्षमताओं का विस्तार कर रही है।

यह प्रक्षेपण 2026 में अंतरिक्ष एजेंसी की पहली सफलता है। श्रीहरिकोटा अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरने के करीब 18 मिनट बाद ईओएस-05 उपग्रह को निर्धारित उप-भू-तुल्यकालिक अंतरण कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया गया।

भाषा

सिम्मी वैभव

वैभव


लेखक के बारे में