उत्तरप्रदेश नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के संसदीय क्षेत्रों तथा समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के पैतृक शहर इटावा समेत 25 जिलों में कल सुबह साढ़े 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री राजनाथ सिंह के संसदीय क्षेत्रों में मतदान होने की वजह से दूसरा चरण सत्तारूढ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. इसी तरह इटावा में मतदान होने की वजह से सपा के लिए भी यह चरण काफी मायने रखता है.
उत्तरप्रदेश निकाय चुनाव के इस चरण में 25 जिलों के 6 नगर निगमों, 51 नगर पालिकाओं और 132 नगर पंचायतों में चुनाव होना है. इसमें कुल मिलाकर 189 निकायों के 3601 वार्डों में 13777 बूथों पर लगभग एक करोड 29 हजार लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस चरण में 6 महापौर पद के लिए 42 महिलाओं समेत 83 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। 51 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष पद के लिए 638 उमीदवार मैदान में हैं.
25 जिलों में होगा मतदान
दूसरे चरण में मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, अमरोहा, रामपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, अलीगढ़, मथुरा, मैनपुरी, फर्रूखाबाद, इटावा, ललितपुर, बांदा, इलाहाबाद, लखनऊ, सुल्तानपुर, अम्बेडकर नगर, बहराइच, श्रावस्ती, संतकबीरनगर, देवरिया, बलिया, वाराणसी और भदोही में मतदान होगा।
इसी चरण में समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव और उनके पुत्र तथा पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पैतृक जिले इटावा में भी मतदान है, इसलिए यह चरण सपा के लिए भी महत्वपूर्ण है. केंद्रीय मंत्री वी के सिंह के संसदीय क्षेत्र गाजियाबाद के साथ साथ संगम शहर इलाहाबाद में महापौर पद का चुनाव भी इसी चरण में शामिल है। राज्य चुनाव आयुक्त एस के अग्रवाल ने बताया कि मतदान कर्मी मतदेय स्थलों पर पहुंचना शुरू हो गए हैं.