होशियारपुर में अवैध हथियारों और मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़,चार गिरफ्तार

Ads

होशियारपुर में अवैध हथियारों और मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़,चार गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 20, 2026 / 10:13 PM IST,
    Updated On - April 20, 2026 / 10:13 PM IST

होशियारपुर, 20 अप्रैल (भाषा) पंजाब पुलिस ने सोमवार को होशियारपुर में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने का दावा किया।

पुलिस ने चार व्यक्तियों की गिरफ्तारी के साथ 10 किलोग्राम से अधिक हेरोइन, हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किए।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों की आपूर्ति में शामिल विदेशी अपराधियों के स्थानीय संचालक के रूप में काम कर रहे थे।

यादव ने कहा, “होशियारपुर जिला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के एक अंतरराज्यीय/विदेशी संपर्क वाले मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जिनके पास से 9.925 किलोग्राम हेरोइन, दो विदेश निर्मित पिस्तौल, आठ मैगजीन एवं 40 कारतूस बरामद किये गए।”

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान मंजिंदर सिंह उर्फ ​​सोनू (होशियारपुर के पथरालियन गांव निवासी), शिवम भंडारी (जालंधर के धीना निवासी), साहिल मसीह उर्फ ​​मोनू (गुरदासपुर के पाखोके ताहली गांव निवासी) और रामेल रोजर (होशियारपुर के गढ़शंकर निवासी) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विदेशी अपराधियों के सीधे संपर्क में थे और उनके स्थानीय संचालक के रूप में काम करते हुए क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों की आपूर्ति में मदद कर रहे थे।

गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए मामले की जांच जारी है।

होशियारपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संदीप कुमार मलिक ने बताया कि विश्वसनीय सूचना मिलने पर पुलिस की कई टीम ने गढ़शंकर क्षेत्र में एक विशेष जांच चौकी स्थापित की।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान एक कार को रोका गया और उसमें सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बाद में हेरोइन और हथियारों की खेप बरामद की गई।

मलिक ने बताया कि साहिल मसीह कुख्यात अपराधी है और वह बटाला जिले में पुलिस टीम पर गोलीबारी करने में शामिल था।

होशियारपुर के गढ़शंकर पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

एसएसपी ने कहा कि जांच बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां और बरामदगी होने की संभावना है।

भाषा

राखी संतोष

संतोष