जयपुर, 27 जुलाई (भाषा) राजस्थान में इस सप्ताह मानसून के फिर तेज होने की संभावना है और आगामी दिनों में राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आईएमडी के जयपुर केंद्र के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र गहरा होकर ‘अपदाब’ में बदल गया है। इसके आगे बढ़ने के प्रभाव से 28 जुलाई से पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
विभाग के अनुसार, 29 जुलाई से दो अगस्त तक राज्य के अधिकांश भागों में मानसून एक बार फिर सक्रिय रहेगा और झमाझम बारिश हो सकती है। इस दौरान पूर्वी तथा उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार हैं।
नए मौसमी तंत्र के सक्रिय होने से बीकानेर संभाग के कुछ क्षेत्रों में भी 29 जुलाई से दो अगस्त के बीच वर्षा होने का अनुमान है।
इस बीच, सोमवार सुबह तक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। जालौर और सिरोही जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हुई। सर्वाधिक 86.5 मिलीमीटर बारिश सिरोही जिले के आबू रोड में दर्ज की गई।
भाषा पृथ्वी शोभना खारी
खारी