भुवनेश्वर, 27 जुलाई (भाषा) ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में पुलिस ने सात आपराधिक मामलों में वांछित एक बदमाश को कथित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि रविवार देर रात ब्रजराजनगर थाना क्षेत्र में ओपीएम घाट के पास हुई मुठभेड़ के दौरान कथित गैंगस्टर कमलेश घोष उर्फ सोनू घोष का बेटा अंकित घोष दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया।
पुलिस अधीक्षक गुंडला रेड्डी राघवेंद्र ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश आपराधिक घटना को अंजाम देने के लिए ओपीएम घाट के पास इकट्ठा हुए है, इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस की एक विशेष टीम मौके पर पहुंची।
उन्होंने कहा, ‘‘जैसे ही पुलिस दल उनके पास पहुंचा तो बदमाशों ने गोलियां चला दीं। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और इस दौरान अंकित को गोली लग गई। उसका एक साथी फरार हो गया।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अंकित को झारसुगुड़ा जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि अंकित ब्रजराजनगर, ओरिएंट और बेलपहाड़ थानों में दर्ज हत्या और डकैती समेत कम से कम सात मामलों में वांछित है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उसके फरार साथी का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने बताया कि अंकित का पिता कमलेश घोष ब्रजराजनगर इलाके का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या, वसूली, बमबारी और अवैध हथियारों की तस्करी समेत 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
भाषा
खारी मनीषा
मनीषा