मुंबई। मानसून इन दिनों महाराष्ट्र पर जमकर मेहरबान है। मुंबई और ठाणे में आज लगातार तीसरे दिन भी बारिश जारी है। इससे कई इलाकों में पानी भर गया है। रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से लोकल ट्रेनों की टाइमिंग पर असर पड़ा है। वहीं गुजरात के उमरगांव में 13 घंटे में 13 इंच पानी बरस गया। उमरगांव में बीते 15 दिन में 49 इंच बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग ने सोमवार को 15 राज्यों में बारिश की चेतावनी दी है।
उधर मानसून की गतिविधियां राजस्थान में धीमी हो गई है। यहां रविवार को 8 शहरों में तापमान 40 के पार रहा। लगातार दो दिन से हो रही बारिश के चलते महाराष्ट्र में 7 लोगों की मौत हो गई। सोमवार को मुंबई के दादर, सायन, माटुंगा, बांद्रा, खार, सांताक्रूज, कांदिवली, बोरीवली और कोलाबा और अन्य कई इलाकों में सोमवार सुबह से तेज बारिश जारी रही।
यह भी पढ़ें : विधानसभा चुनाव करीब आते ही बढ़ने लगी है बाबाओं की पूछपरख, देखिए वीडियो
हालात को देखते हुए महाराष्ट्र के शिक्षामंत्री विनोद तावड़े ने मुंबई के सभी स्कूल-कॉलेजों में आज छुट्टी की घोषणा कर दी है। रविवार सुबह 8.30 बजे से सोमवार सुबह 8.30 बजे तक मुंबई के कोलाबा में 170.6 मिलीमीटर और सांताक्रूज में 122 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण स्थिति यह रही कि घाटकोपर स्टेशन के एक ब्रिज पर दरारें नजर आने के बाद इसे बंद कर दिया गया।
मौसम विभाग ने सोमवार सुबह संभावना जताई कि आज गोवा, महाराष्ट्र के विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा, दक्षिण छत्तीसगढ़, गुजरात, तेलंगाना, तटीय और दक्षिण कर्नाटक, केरल, उत्तराखंड, पूर्वी उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय और ओडिशा में तेज बारिश हो सकती है।
इधर गुजरात के कई हिस्सों में रविवार को जमकर बारिश हुई। इसमें सबसे ज्यादा उमरगांव में बारिश दर्ज की गई। यहां 13 घंटे में 13 इंच बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। उमरगांव में पिछले 15 दिनों में यहां 49 इंच बारिश हो चुकी है।
वेब डेस्क, IBC24