हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण 200 से अधिक सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण 200 से अधिक सड़कें बंद
शिमला, 11 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण 200 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं। शिमला मौसम कार्यालय ने यह जानकारी दी।
मौसम कार्यालय ने राज्य में 17 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, मंगलवार शाम तक राज्य में कुल 204 सड़कें बंद थीं। इसके अलावा 82 पेयजल आपूर्ति योजनाएं और 45 ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए हैं।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को सिरमौर जिले में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के भराड़ीघाट क्षेत्र में पहाड़ी से एक चलती कार पर पत्थर गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।
एक अन्य घटना में कुल्लू जिले के आनी क्षेत्र में नए बस स्टैंड के पास खड़े दो वाहन भूस्खलन का मलबा गिरने से क्षतिग्रस्त हो गए।
शिमला शहर में भी भूस्खलन की घटनाएं हुईं और कुछ दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए।
सोमवार शाम चार बजे से राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई।
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश

Facebook


