कोलकाता, एक अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में बुधवार को एक बस की ट्रक से टक्कर हो जाने के बाद 40 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग 12 पर नबग्राम के पोमिया के पास उस समय हुई जब लोग भोलाडांगा मैदान में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की एक रैली में शामिल होने के बाद लौट रहे थे।
पास के शिबपुर टोल प्लाजा से एम्बुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायलों को पालसोंडा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘गंभीर रूप से घायल चार लोगों को उन्नत उपचार के लिए बरहामपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेजा गया है।’’
पुलिस ने बताया कि कुछ घायलों की हालत गंभीर है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘मामला दर्ज कर लिया गया है और हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि तेज गति या लापरवाही के कारण यह टक्कर हुई।’’
भाषा आशीष रंजन
रंजन