जयपुर, 12 मई (भाषा) राजस्थान के अधिकतर इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है और मौसम विभाग का कहना है कि गर्मी का यह दौर इस हफ्ते जारी रहेगा तथा तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, मंगलवार सुबह तक बीते चौबीस घंटे में राज्य में कहीं कहीं हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश कोटकासिम (अलवर) में 15.0 मिलीमीटर दर्ज की गयी। इस दौरान बाड़मेर में अधिकतम तापमान 47.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के ज्यादातर भागों में आगामी दिनों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है। जोधपुर, बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आगामी 3-4 दिन ‘हीटवेव’ व ऊष्णरात्री दर्ज होने का अनुमान है। वहीं दक्षिण-पूर्वी भागों में भी आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री के बीच दर्ज होने व कहीं-कहीं ‘हीटवेव’ का अनुमान है।
हालांकि राजधानी जयपुर तथा शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर व भरतपुर संभाग के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं बादल छाये रहने, 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने एवं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा