नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार की मौत के मामले में पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
मृतक की पहचान हरियाणा के गुरुग्राम निवासी सार्थक मट्टू (34) के रूप में हुई है। वह एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में कार्यरत था।
पुलिस के अनुसार, 25 जून को वसंत कुंज दक्षिण थाने में पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक एसयूवी गाड़ी ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी है, जिससे मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीसीआर कर्मी मट्टू को तत्काल इंडियन स्पाइनल इंजरीज सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार का पता लगाया। जांच में पता चला कि वाहन बेंगलुरु स्थित एक निजी कंपनी के नाम पर पंजीकृत है।
यह कार बिहार निवासी और बेंगलुरु में कंपनी में कार्यरत सागर साहा (29) को किराये पर दी गयी थी।
पूछताछ के दौरान साहा ने पुलिस को बताया कि दुर्घटना के समय वाहन उसका मित्र अपूर्व सिंह (30) चला रहा था। अपूर्व सिंह उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का निवासी है, वह एक निजी कंपनी में कार्यरत है और फिलहाल गुरुग्राम में रहता है।
पुलिस ने बताया कि हादसे के समय साहा वाहन की अगली सीट पर बैठा था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और अपूर्व सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उसका चिकित्सकीय परीक्षण सफदरजंग अस्पताल में कराया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा रवि कांत गोला
गोला