संसद में सांसद डर गए थे, हमले की आशंका थी: कंगना ने कॉजपा के प्रदर्शन पर कहा

Ads

संसद में सांसद डर गए थे, हमले की आशंका थी: कंगना ने कॉजपा के प्रदर्शन पर कहा

  •  
  • Publish Date - July 21, 2026 / 04:54 PM IST,
    Updated On - July 21, 2026 / 04:54 PM IST

नयी दिल्ली, 21 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के सोमवार को हुए विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए आज कहा कि संसद के गेट बंद कर दिए गए थे, सांसद अंदर थे और कई लोगों को डर था कि ‘भीड़’ उन पर हमला कर देगी।

हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद ने दिल्ली पुलिस की भी तारीफ की और सुरक्षाकर्मियों को ‘लोगों के लिए ढाल’ बताया।

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के ‘चलो संसद’ आह्वान पर हज़ारों लोगों के मध्य दिल्ली में जमा होने के एक दिन बाद रनौत ने पत्रकारों से कहा, ‘‘उन्होंने (पुलिस ने) पत्थर और चोटें खुद झेलीं और जनता को कोई नुकसान नहीं पहुंचने दिया।’’

दिल्ली पुलिस के अनुसार, सोमवार को पुलिस की कार्रवाई में लगभग 60 प्रदर्शनकारी घायल हुए। झड़पों में कई वरिष्ठ अधिकारियों समेत 118 से ज्यादा पुलिसकर्मी भी घायल हुए।

जब संसद परिसर के प्रवेश-निकासी द्वार बंद कर दिए गए और बाहर भीड़ बढ़ने के कारण अंदर आने-जाने पर रोक लगा दी गई, तब रनौत और कई अन्य सांसद संसद परिसर में ही थे।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े और परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों के लिए जवाबदेही की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों ने परिसर की ओर मार्च करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें आंसू गैस और लाठीचार्ज के ज़रिए रोका गया।

मंगलवार सुबह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों की बैठक के बाद रनौत ने पत्रकारों से कहा कि सांसद परेशान थे और हालात तनावपूर्ण थे।

उन्होंने कहा, ‘‘द्वार बंद थे, सभी सांसद अंदर ही थे और हममें से कोई भी हिल नहीं सकता था। आपने देखा कि कैसे भीड़ ने हम पर हमला करने की कोशिश की। एक समय तो हममें से कई लोग डर गए थे कि हम पर हमला हो सकता है।’’

रनौत सोमवार को संसद के पास कॉजपा के सदस्यों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन से जुड़े सवालों का जवाब दे रही थीं।

भाषा वैभव नरेश

नरेश