तिरुवनंतपुरम, पांच अगस्त (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बुधवार को कहा कि वह लंबे समय से लंबित मुल्लापेरियार बांध के मुद्दे पर तमिलनाडु के अपने समकक्ष सी. जोसेफ विजय के साथ बातचीत करने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।
केरल के मुख्यमंत्री ने यह बयान ऐसे समय दिया है, जब दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच इस मुद्दे पर पहले ही बातचीत हो रही है।
केरल के मुख्यमंत्री ने तमिलनाडु की ओर से करीब एक सदी पुराने बांध में पानी का स्तर बढ़ाने की योजना की खबरों को लेकर संवाददाताओं की ओर से पूछे गए सवालों पर कहा कि यह मामला अब भी विवाद का विषय बना हुआ है।
उन्होंने कहा, ‘‘अधिकारियों के स्तर पर बातचीत पहले से जारी है। हम मुख्यमंत्री स्तर पर भी बैठक करने पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं।’’
मुल्लापेरियार बांध का निर्माण 1895 में किया गया था और लंबे समय से यह तमिलनाडु और केरल के बीच विवाद का कारण बना हुआ है। तमिलनाडु के पास इस बांध का स्वामित्व है, जबकि यह केरल में स्थित है।
तमिलनाडु का रुख है कि बांध बनावट के लिहाज़ से सुरक्षित है और उसने जल स्तर बढ़ाने की कोशिश की है, वहीं केरल ने बार-बार इस सौ साल पुराने ढांचे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और मौजूदा बांध के पास एक नया बांध बनाने की मांग कर रहा है।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप