दो बच्चों की हत्या: मणिपुर के गृह मंत्री ने लोगों से समय मांगा
दो बच्चों की हत्या: मणिपुर के गृह मंत्री ने लोगों से समय मांगा
इंफाल, 14 अप्रैल (भाषा) मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम ने मंगलवार को जनता से अपील की कि वे सरकार को अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए कुछ समय दें।
उनकी यह टिप्पणी सात अप्रैल को विष्णुपुर जिले में हुए बम हमले में शामिल दोषियों को पकड़ने में प्रशासन की विफलता को लेकर हो रही आलोचना के मद्देनजर आई है। हमले में दो बच्चों की उनके घर में ही मौत हो गई थी।
गृह मंत्री ने कहा कि वह जनता की भावनाओं को समझते हैं, लेकिन सभी को यह समझना होगा कि जांच एक या दो दिन में पूरी नहीं हो सकती।
कोंथौजम ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से कहा, ‘असली दोषियों का पता लगाने में समय लगता है। सरकार को थोड़ा समय दें। मैं मणिपुर के सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे सरकार को अपना कर्तव्य निभाने दें।’
प्रतिबंधित उग्रवादी समूह यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के संदिग्ध सदस्यों को चुराचंदपुर जिले में दो भाई-बहनों की हत्या के बाद हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया।
हालांकि, लोग खुश नहीं हैं, क्योंकि गिरफ्तार किए गए लोग संभवत: बम हमले के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं हैं।
गृह मंत्री ने कहा कि प्रतिबंधित संगठन यूएनएलएफ (पाम्बेई) को अपने शिविरों की संख्या कम करने के लिए कहा गया है।
कोंथौजम ने कहा, ‘सरकार और यूएनएलएफ (पाम्बेई) के बीच हुए शांति समझौते के बाद, उन्हें शिविरों की संख्या, विशेष रूप से अनधिकृत शिविरों की संख्या कम करनी होगी। प्रक्रिया जारी है और उन्हें कुछ समय दिया गया है। मुझे लगता है कि वे सकारात्मक प्रतिक्रिया देंगे।’
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


