नूंह में पुलिस मुठभेड़ के बाद संदिग्ध गो-तस्कर गिरफ्तार
नूंह में पुलिस मुठभेड़ के बाद संदिग्ध गो-तस्कर गिरफ्तार
गुरुग्राम, 22 जुलाई (भाषा) हरियाणा के नूंह में अकैड़ा-सिकरावा मार्ग पर बुधवार सुबह पुलिस के साथ एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद एक कथित गो-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। पकड़े गए आरोपी के पैर में गोली लगी है। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस के अनुसार, कथित गो-तस्कर एक पिकअप वाहन में मवेशियों की तस्करी कर रहे थे और उनके पास अवैध हथियार एवं कारतूस भी था। पुलिस ने बताया कि गो-तस्करों ने पुलिस की एक बैरिकेडिंग तोड़ दी, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया।
नूंह पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ बुधवार सुबह अकैड़ा-सिकरावा मार्ग पर रिठाड़ गांव के पास हुई। नूंह पुलिस के अनुसार, निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व में नूंह गोवध-रोधी कर्मियों की एक टीम ने वहां बैरिकेड लगाए थे।
पुलिस के अनुसार, पुलिस दल ने एक पिकअप वाहन को देखकर उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन नहीं रोककर बैरिकेड तोड़ते हुए निकल गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने वाहन का पीछा किया और चांदनी ड्रेन के किनारे उजीना-सांगेल मार्ग पर सड़क खराब होने के कारण आरोपी पिकअप वाहन छोड़कर भागने लगे।
पुलिस के अनुसार, गो-तस्करों ने पुलिस दल पर गोलीबारी की। पुलिस ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
नूंह पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘इरशाद नामक एक आरोपी को गिरफ्तार करके अस्पताल में भर्ती कराया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम छापेमारी कर रही हैं।’
पुलिस ने बताया कि पुलिस दल ने मौके से पिकअप वाहन में लदे पांच मवेशी, एक अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं और आरोपियों के खिलाफ सदर नूंह थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश

Facebook


