नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने पश्चिम बंगाल दौरे के कार्यक्रम में बदलाव किया है और अब वह एक दिवसीय कार्यक्रम के तहत शनिवार को दार्जिलिंग जाएंगी। एक प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी।
पहले उनका दो दिवसीय दौरे के तहत शुक्रवार को दार्जिलिंग रवाना होने का कार्यक्रम था। हालांकि, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस के बृहस्पतिवार को अचानक इस्तीफे के बाद यात्रा कार्यक्रम में संशोधन किया गया।
राष्ट्रपति ने बोस के स्थान पर तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि को पश्चिम बंगाल का नया राज्यपाल नियुक्त किया है।
राष्ट्रपति भवन द्वारा शुक्रवार को जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘राष्ट्रपति मुर्मू कल (सात मार्च, 2026 को) पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग का दौरा करेंगी, जहां वह अंतरराष्ट्रीय संथाल परिषद द्वारा आयोजित 9वें अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में भाग लेंगी।’’
राष्ट्रपति शुक्रवार को वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में ‘दार्जिलिंग हिल फेस्टिवल’ और दार्जिलिंग के लोक भवन में ‘रूट एंड रिदम्स’ नामक एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करने वाली थीं।
उनके कार्यालय द्वारा बृहस्पतिवार को जारी बयान के अनुसार, उसी दिन उन्हें भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), खड़गपुर में महिला नेतृत्व और सशक्तीकरण पर प्लेटिनम जुबली फ्लैगशिप कार्यक्रम का वर्चुअल रूप से उद्घाटन भी करना था।
भाषा गोला वैभव
वैभव