छत्रपति संभाजीनगर में मेरे भाई और भतीजे पर हमला किया गया: महाराष्ट्र के मंत्री अतुल सावे

Ads

छत्रपति संभाजीनगर में मेरे भाई और भतीजे पर हमला किया गया: महाराष्ट्र के मंत्री अतुल सावे

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 12:28 AM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 12:28 AM IST

छत्रपति संभाजीनगर, 10 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के मंत्री अतुल सावे ने दावा किया कि बृहस्पतिवार को छत्रपति संभाजीनगर जिले के खांडेवाड़ी इलाके में बहस के दौरान कुछ लोगों ने उनके भाई और भतीजे पर हमला कर दिया।

एक वीडियो संदेश में राज्य के ओबीसी कल्याण मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता ने कहा कि यह घटना उस समय हुई, जब उनके भाई अजीत सावे और उनके बेटे अमेय दोपहर लगभग 12 बजे अपने ‘कंक्रीट मिक्सिंग प्लांट’ जा रहे थे।

उन्होंने कहा, ‘‘आज उस इलाके में कुछ बदमाशों ने मेरे भाई की कार रोक ली और उनसे कहा कि वह इस रास्ते से वाहन न ले जाएं। मेरे भाई ने उनसे कहा कि अगर कोई समस्या है तो हम प्रशासन को पत्र लिखेंगे और माप करवा लेंगे। मेरा भतीजा (अमेय) कार से बाहर आया और लोगों से बात करने की कोशिश की।’’

मंत्री ने वीडियो संदेश में कहा कि इसके बाद लोगों ने अमेय पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर में चोट आई।

सावे ने कहा, ‘‘यह मामला थोड़ा गंभीर है और उसे स्थानीय अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है। मेरे भाई की जेब से पैसे भी निकाल लिए गए। जिन लोगों ने उन पर हमला किया, वे इसी इलाके के रहने वाले हैं और उनकी आपराधिक मानसिकता है। मैंने पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और निरीक्षक से बात की है तथा इन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।’’

कथित घटना जिस क्षेत्र के अंतर्गत हुई, वहां के बिडकिन थाने के अधिकारियों से उनकी प्रतिक्रिया के लिए संपर्क नहीं हो सका।

भाषा देवेंद्र राजकुमार

राजकुमार