नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बृहस्पतिवार को बताया कि भारत में उनका सोशल मीडिया खाता प्रतिबंधित कर दिया गया है और उन्होंने मेटा से इस प्रतिबंध का कारण बताने को कहा है।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मेटा के भारत स्थित कार्यालय में पूछताछ करने पर उन्हें पता चला कि उनका खाता प्रतिबंधित कर दिया गया है और यह भारत में उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि कंपनी के अधिकारियों ने प्रतिबंध का न तो कोई कारण बताया और न ही यह स्पष्ट किया कि इसे कैसे हटाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से भेजे गए ईमेल के जवाब में केवल औपचारिक संदेश मिले।
इस मामले पर मेटा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
केजरीवाल ने अपने खाते की स्थिति दिखाने वाला एक ‘स्क्रीनशॉट’ भी साझा किया, जिस पर लिखा है, ‘‘कुछ स्थानों पर उपलब्ध नहीं।’’
उन्होंने कंपनी की ओर से स्पष्ट जानकारी और जवाब न मिलने को ‘‘बेहद खराब सेवा’’ बताते हुए ‘पोस्ट’ में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री के सामने मत झुकिए, अन्यथा वह आपको भारत में केवल अपना ही खाता चलाने की अनुमति देंगे।’’
भाषा सिम्मी रंजन
रंजन