मैसुरू (कर्नाटक), 29 जून (भाषा) कर्नाटक के मैसुरू में 50 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर उसकी पत्नी ने गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी महिला ने शुरुआती तौर पर इस हत्या को हृदयाघात से हुई मौत बताकर मामला छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान नित्यानंद के तौर पर हुई है। वह एक कार शोरूम में काम करते थे और अपनी पत्नी सुशीला के साथ रहते थे, जो एक निजी स्कूल में शिक्षिका है।
इस जोड़े की कोई संतान नहीं थी।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना रविवार रात कुवेम्पुनगर इलाके में हुई।
पुलिस के मुताबिक, सुशीला ने कथित तौर पर अपने पति का गला रस्सी से तब घोंट दिया जब वह नशे की हालत में घर लौटने के बाद सो रहा था।
पुलिस ने बताया कि सुशीला ने शुरू में नित्यानंद के भाई को बताया कि उसे दिल का दौरा पड़ा है लेकिन जब वह घर पहुंचा तो उन्होंने नित्यानंद की गर्दन पर चोट का निशान देखा और उसे शक हुआ, जिसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच के दौरान सुशीला ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस को शक है कि पैसे और प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों को लेकर परिवार में अक्सर होने वाले झगड़ों और बच्चे न होने की वजह से पैदा हुए तनाव के कारण हत्या की वारदात हुई।
पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह नित्यानंद के दोस्त दर्शन ने कई बार दरवाजा खटखटाया लेकिन सुशीला ने दरवाजा नहीं खोला। नित्यानंद के फोन का जवाब न मिलने पर दर्शन उसे ढूंढने आया था।
पुलिस की एक टीम घर पहुंची, घटनास्थल का मुआयना किया और घटना की विस्तृत जांच शुरू की।
मामले की जांच जारी है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश