पुरी (ओडिशा), 29 जून (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को यहां प्रख्यात रेत कलाकार और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित सुदर्शन पटनायक के आवास पर जाकर उन्हें रूस में आयोजित प्रतिष्ठित ‘ग्रैंड सैंड मास्टर कप 2026’ जीतने पर बधाई दी।
माझी ने रेत कला के क्षेत्र में अपनी उपलब्धियों के माध्यम से देश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव दिलाने के लिए पटनायक की सराहना की। उन्होंने कलाकार के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों के संग्रह को भी देखा।
मुख्यमंत्री ने पटनायक के साथ ओडिशा की कला, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की तथा वैश्विक मंचों पर राज्य की समृद्ध कलात्मक विरासत को संरक्षित करने और प्रदर्शित करने के महत्व पर जोर दिया।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, ‘माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझाी ने पुरी में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध रेत कलाकार और पद्मश्री पुरस्कार विजेता सुदर्शन पटनायक से मुलाकात की। बैठक के दौरान ओडिशा की कला, संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा देने और उसके प्रचार-प्रसार पर चर्चा की गई।’
मुख्यमंत्री के आगमन पर आभार व्यक्त करते हुए पटनायक ने इसे एक भावुक और प्रेरणादायक क्षण बताया।
उन्होंने कहा, ‘यह अविश्वसनीय है कि मुख्यमंत्री खुद पुरी की तंग गलियों में स्थित मेरे आवास पर आए।’
भाषा सुमित नेत्रपाल
नेत्रपाल