नगा छात्र संघ 27 जुलाई को कोहिमा में प्रदर्शन करेगा
नगा छात्र संघ 27 जुलाई को कोहिमा में प्रदर्शन करेगा
कोहिमा, 24 जुलाई (भाषा) ‘नगा स्टूडेंट्स फेडरेशन’ (एनएसएफ) राष्ट्रीय प्रात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक, छात्रवृत्ति वितरण में देरी और केंद्रीय शैक्षणिक संस्थानों में स्वदेशी नगा निवासियों के लिए अपर्याप्त अवसरों को लेकर 27 जुलाई को कोहिमा में विरोध-प्रदर्शन करेगा।
एनएसएफ ने कहा कि प्रदर्शन ‘नगा सॉलिडेरिटी पार्क’ में आयोजित किया जाएगा और इसके बाद प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इसने दावा किया कि नीट प्रश्नपत्र लीक विवाद ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को कमजोर किया है और इससे हजारों छात्रों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
एनएसएफ ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि एक लोकतांत्रिक समाज में यह पूरी तरह से अस्वीकार्य है।
फेडरेशन ने कहा कि छात्र प्रश्नपत्र लीक पर जवाबदेही की मांग करने और भर्ती तथा परीक्षा प्रणालियों में अधिक पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग करने के लिए इकट्ठा हुए हैं।
एनएसएफ ने कहा कि प्रणालीगत विफलताओं, भ्रष्टाचार या प्रशासनिक लापरवाही के कारण छात्रों की आकांक्षाओं से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
इसने छात्रवृत्ति वितरण में अत्यधिक देरी का भी आरोप लगाया और किस्त-आधारित मौजूदा भुगतान प्रणाली की आलोचना करते हुए कहा कि यह छात्रों को अपर्याप्त वित्तीय सहायता प्रदान करती है।
फेडरेशन ने आरोप लगाया कि नगालैंड विश्वविद्यालय और एनआईटी नगालैंड स्वदेशी नगा निवासियों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व और अवसर प्रदान करने में नाकाम रहे हैं और उसने संस्थानों में न्यायसंगत अवसरों की मांग की।
भाषा खारी सिम्मी
सिम्मी

Facebook


