कोहिमा, नौ अप्रैल (भाषा) नगालैंड के कोरीडांग विधानसभा सीट पर उपचुनाव में बृहस्पतिवार को मतदान के पहले दो घंटों में 22,382 मतदाताओं में से लगभग 20 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सभी 30 मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया जो अब तक शांतिपूर्ण रहा है।
मतदान शाम चार बजे तक जारी रहेगा।
पांच और छह अप्रैल को हुई हिंसा के बाद पूरे निर्वाचन क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। इस हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
पिछले साल 11 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं इस सीट से विधायक इम्कोमग एल. इम्चेन (75) के निधन के कारण यह उपचुनाव आवश्यक हो गया था।
इस चुनाव में कुल 22,382 लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं जिनमें 11,071 महिलाएं शामिल हैं, जो छह उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करेंगे।
सत्तारूढ़ ‘पीपुल्स डेमोक्रेटिक अलायंस’ (पीडीए) का हिस्सा रही भाजपा ने दिवंगत विधायक के बेटे दाओचिर आई. इम्चेन को उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस ने टी. चालुकुम्बा आओ को इस सीट से मनोनीत किया है। ‘नेशनल पीपुल्स पार्टी’ के उम्मीदवार आई. अबेनजांग हैं और निर्दलीय उम्मीदवारों में इम्चटोबा इम्चेन, इम्तिवापांग और तोशिकाबा शामिल हैं।
कुल मतदान केंद्रों में से 13 को संवेदनशील और 17 को अत्यंत संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है जहां अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और निगरानी बढ़ा दी गई है। दो मतदान केंद्रों को विशेष रूप से महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है।
मतगणना चार मई को होगी।
भाषा सुरभि सिम्मी
सिम्मी