नरवणे ने सोशल मीडिया पर प्रकाशक का बयान साझा किया, कहा- पुस्तक की स्थिति यही है

नरवणे ने सोशल मीडिया पर प्रकाशक का बयान साझा किया, कहा- पुस्तक की स्थिति यही है

नरवणे ने सोशल मीडिया पर प्रकाशक का बयान साझा किया, कहा- पुस्तक की स्थिति यही है
Modified Date: February 10, 2026 / 09:49 pm IST
Published Date: February 10, 2026 9:49 pm IST

नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संस्मरण ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के प्रकाशक द्वारा जारी एक बयान साझा किया, जिसमें कहा गया है कि ‘‘मुद्रित या डिजिटल रूप में पुस्तक की कोई भी प्रति न तो प्रकाशित, न ही वितरित, न ही बेची’’ गई है, और न ही किसी अन्य तरीके से जनता के लिए उपलब्ध कराई गई है।

नरवणे ने लिखा, ‘‘पुस्तक की स्थिति यही है।’’

पूर्व थलसेना प्रमुख ने पेंगुइन इंडिया द्वारा सोमवार रात जारी बयान को सोशल मीडिया मंच पर साझा किया।

प्रकाशक ने अपने बयान में कहा, ‘‘हालिया सार्वजनिक चर्चा और मीडिया रिपोर्ट के मद्देनजर, पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया यह स्पष्ट करना चाहता है कि भारतीय सेना के पूर्व प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे द्वारा लिखित संस्मरण ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के प्रकाशन अधिकार हमारे पास हैं। हम यह भी स्पष्ट करना चाहते हैं कि पुस्तक का प्रकाशन अभी तक नहीं हुआ है।’’

इसने कहा, ‘‘पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा पुस्तक की कोई भी प्रति – मुद्रित या डिजिटल रूप में – प्रकाशित, वितरित, बेची या किसी भी अन्य तरीके से जनता के लिए उपलब्ध नहीं कराई गई है।’’

इस बीच, संसद भवन परिसर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को पत्रकारों को नरवणे का 2023 का सोशल मीडिया पोस्ट (तत्कालीन ट्विटर पर) पढ़कर सुनाया, जिसमें लिखा था, ‘‘दोस्तो। मेरी किताब अब उपलब्ध है। बस लिंक पर क्लिक करें। पढ़ने का आनंद लें। जय हिंद।’’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘यह श्री नरवणे का ट्वीट है। मेरा कहना यह है कि या तो श्री नरवणे झूठ बोल रहे हैं, और मुझे विश्वास है कि (पूर्व) सेना प्रमुख झूठ नहीं बोलेंगे, या फिर पेंगुइन झूठ बोल रहा है। दोनों ही सच नहीं बोल सकते।’’

प्रकाशक ने एक अन्य बयान में, मंगलवार को कहा कि किसी पुस्तक या उसके ‘प्री-ऑर्डर’ के लिए उपलब्ध होने की घोषणा को प्रकाशन के रूप में नहीं समझा जाना चाहिए।

भाषा

नेत्रपाल सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में