मिजोरम में आठ करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ बरामद
मिजोरम में आठ करोड़ रुपये से अधिक कीमत के मादक पदार्थ बरामद
आइजोल, तीन अगस्त (भाषा) मिजोरम पुलिस ने चम्फाई और आइजोल में तीन अलग-अलग अभियानों में आठ करोड़ रुपये से अधिक कीमत की हेरोइन और मेथामफेटामाइन टैबलेट जब्त की हैं। एक आधिकारिक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, इन अभियानों के दौरान म्यांमा के एक नागरिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
चम्फाई विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने मादक पदार्थ की सबसे बड़ी खेप उस समय बरामद की, जब एक अगस्त को चम्फाई से आइजोल जा रहे एक ट्रक को रोका गया।
बयान के मुताबिक, वाहन की तलाशी में 9.79 किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुआ, जिसे 10 पैकेट में रखा गया था। इसकी कीमत करीब 7.83 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, ट्रक चालक की पहचान चम्फाई जिले के मेलबुक गांव निवासी 32 वर्षीय वनलालरुआतसाका के रूप में हुई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
चम्फाई पुलिस ने स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेथामफेटामाइन को आमतौर पर ‘क्रेजी ड्रग’ या ‘पार्टी ड्रग’ भी कहा जाता है और यह भारत में प्रतिबंधित है।
बयान के मुताबिक, उसी दिन पहले चम्फाई एसटीएफ ने खांकॉन चेक गेट पर एक कैब को रोका और उसमें से 118 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी कीमत करीब 23.6 लाख रुपये बताई गई है।
बयान के अनुसार, इस सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसकी पहचान म्यामां के तहान स्थित शनम्यो गांव के रहने वाले वनलालमुआना (27) के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस और आव्रजन एवं विदेशी नागरिक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एक अन्य कार्रवाई में आइजोल स्थित विशेष स्वापक पुलिस थाने (एसएनपीएस) की टीम ने एक अगस्त को जेमाबॉक से 241.21 ग्राम हेरोइन बरामद की।
पुलिस ने बताया कि हेरोइन को साबुन की 20 डिब्बियों में छिपाकर रखा गया था और इसे एक पिकअप ट्रक से ले जाया जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में असम के कछार जिले के रहने वाले हुसैन अहमद लश्कर (23) और नूर अहमद लश्कर (34) को मौके से गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
राखी पारुल
पारुल

Facebook


