राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस 24 अप्रैल को मनाया जाएगा
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस 24 अप्रैल को मनाया जाएगा
नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) केंद्र सरकार 24 अप्रैल को पूरे देश में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाएगी, जो पंचायती राज संस्थानों (पीआरआई) को संवैधानिक दर्जा देने वाले ऐतिहासिक 73वें संवैधानिक संशोधन की 33वीं वर्षगांठ का प्रतीक है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गयी।
इसमें कहा गया है कि विज्ञान भवन में एक राष्ट्रीय स्तर का समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संदेश पढ़ा जाएगा और राज्य व केंद्र शासित प्रदेशों के विभागों के माध्यम से देशभर में पंचायती राज संस्थाओं और ग्रामीण स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
इस कार्यक्रम में पंचायती राज राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल और पंचायती राज मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के निर्वाचित प्रतिनिधियों के भी इसमें भाग लेने की उम्मीद है।
इस अवसर पर मंत्रालय द्वारा पंचायत उन्नति सूचकांक (पीएआई)-2.0 की रिपोर्ट और ‘मेरी पंचायत मेरी धरोहर’ पर तीन पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। मंत्रालय की ‘पंचायत धरोहर पहल’ के अंतर्गत ग्रामीण विरासत पर तीन सचित्र पुस्तकों त्रिपुरा की ग्रामीण विरासत पर एक मोनोग्राफ, तिरुपति की ग्रामीण विरासत पर एक मोनोग्राफ और ‘उत्तरकाशी: सौम्या काशी: हिमालयी विरासत की आत्मा’ का विमोचन किया जाएगा।
भाषा
प्रशांत माधव
माधव

Facebook


