सिद्धू ने फिर दी सफाई, कहा- अटल भी तो बस से गए थे लाहौर, मुशर्रफ का स्वागत भी किया था
सिद्धू ने फिर दी सफाई, कहा- अटल भी तो बस से गए थे लाहौर, मुशर्रफ का स्वागत भी किया था
नई दिल्ली। पाकिस्तान में इमरान खान के शपथ ग्रहण के दौरान पाकिस्तानी सैन्य प्रमुख से गले मिलकर विवादों में अए पंजाब के मंत्री और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर फिर सफाई दी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी खुद दोस्ती बस लेकर लाहौर गए थे। उन्होंने कारगिल युद्ध के पाद पाकिस्तान के तत्कालीन सेना प्रमुख परवेज मुशर्रफ को भारत बुलाया था, उनका स्वागत भी किया था।
सिद्धू ने कहा, ‘यहां तक कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में नवाज शरीफ को न्योता भेजा था। मोदी तो खुद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के यहां शादी में अनौपचारिक तौर पर पहुंचे थे’। सिद्धू ने कहा कि जब पाक सेना प्रमुख जनरल बाजवा ने कहा कि वे गुरु नानक देव के 550वें प्रकाश पर्व पर करतापुर बॉर्डर को खुला रखेंगे। इससे भारत के श्रद्धालु गुरुद्वारा पंजा साहिब के दर्शन कर सकेंगे। यह सुनकर मैं भावनाओं में बह गया और मैंने उन्हें गले लगा लिया।
यह भी पढ़ें : कॉलेज छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में एएसआई गिरफ्तार, चौथी बटालियन में है पदस्थ
उन्होंने कहा कि वे इसके बाद दो दिनों में एक भी बार बाजवा से नहीं मिले। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और कुछ कांग्रेस नेताओं के सवाल उठाने पर उन्होंने कहा, ‘लोकतंत्र में अपने विचार रखने की सबको आजादी है’। सिद्धू ने कहा, ‘मुझे पाकिस्तान से 10 बार न्योता आया। इसके बाद मैंने सरकार से वहां जाने के लिए इजाजत मांगी। मुझे पहले इजाजत नहीं मिली। 2 दिन के बाद पाकिस्तान सरकार ने मुझे वीजा दिया। सुषमा स्वराजजी ने मुझे खुद रात में फोन कर बताया कि मुझे पाकिस्तान जाने की इजाजत दे दी गई है’।
बता दें कि सिद्धू के पाकिस्तान जाने पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि भारत हमेशा दोनों देशों के बीच शांति के लिए काम करता रहा। लेकिन पाकिस्तान ने हमेशा पीछे से छुरा घोंपने का काम किया। उन्होंने पूछा, सिद्धू किन के कहने पर प्रेस कॉन्फेंस कर रहे हैं? राहुल गांधी के कहने पर। सिद्धू राहुल गांधी के कहने पर ही पाकिस्तान गए। इस पर राहुल को जवाब देना चाहिए।
वेब डेस्क, IBC24

Facebook


