एनसीबी प्रमुख अनुराग गर्ग का कार्यकाल अगले साल जुलाई तक बढ़ाया गया

Ads

एनसीबी प्रमुख अनुराग गर्ग का कार्यकाल अगले साल जुलाई तक बढ़ाया गया

  •  
  • Publish Date - May 22, 2026 / 01:35 PM IST,
    Updated On - May 22, 2026 / 01:35 PM IST

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) केंद्र सरकार ने स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के प्रमुख अनुराग गर्ग का कार्यकाल अगले साल जुलाई तक बढ़ा दिया है। कार्मिक मंत्रालय के बृहस्पतिवार के एक आदेश में यह जानकारी दी गई।

हिमाचल प्रदेश काडर के 1993 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी गर्ग को सितंबर 2024 में एनसीबी का महानिदेशक नियुक्त किया गया था।

उनका कार्यकाल इस साल 23 मई को समाप्त होना था।

आदेश के अनुसार, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने गर्ग की एनसीबी महानिदेशक के रूप में प्रतिनियुक्ति अवधि को 23 मई 2026 के बाद 31 जुलाई 2027 तक बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख 31 जुलाई 2027 ही है।

एनसीबी ने हाल में मादक पदार्थ तस्करी के कई गिरोहों का भंडाफोड़ किया और देश में पहली बार तथाकथित ‘‘जिहादी ड्रग’’ कैप्टागन जब्त किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 16 मई को कैप्टागन की तस्करी में शामिल एक अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ गिरोह का भंडाफोड़ किए जाने की घोषणा की थी। इस दौरान 182 करोड़ रुपये मूल्य का 227 किलोग्राम ‘‘जिहादी मादक ड्रग’’ जब्त किया गया था।

सूत्रों के अनुसार, ‘कैप्टागन’ फेनेथाइलीन नामक एक कृत्रिम उत्तेजक दवा का प्रचलित नाम है, जिसे 1960 के दशक में विकसित किया गया था। पश्चिम एशिया के संघर्षग्रस्त क्षेत्रों और चरमपंथी नेटवर्क द्वारा इसका दुरुपयोग एवं तस्करी किए जाने के लगातार सामने आए मामलों तथा खुफिया सूचनाओं के कारण इसे अक्सर ‘जिहादी ड्रग’ के नाम से भी जाना जाता है।

यह शब्द इसलिए प्रचलन में आया क्योंकि माना जाता है कि इस दवा के उत्तेजक प्रभाव उपयोगकर्ताओं को लंबे समय तक जागे रहने, थकान दूर रखने, आक्रामकता तथा जोखिम उठाने की प्रवृत्ति बढ़ाने और तनावपूर्ण परिस्थितियों में लंबे समय तक युद्ध जैसी गतिविधियों में सक्रिय बने रहने में मदद करते हैं।

एनसीबी ने कुख्यात अंतरराष्ट्रीय मादक पदार्थ तस्कर मोहम्मद सलीम डोला को तुर्किये से वापस लाने में भी पिछले महीने सफलता हासिल की थी।

भाषा

सिम्मी वैभव

वैभव