पूरे साल ‘ब्रिक्स सम्मेलन’ जैसे उच्च स्तर की साफ-सफाई बनाए रखे एनडीएमसी: दिल्ली के उपराज्यपाल

Ads

पूरे साल ‘ब्रिक्स सम्मेलन’ जैसे उच्च स्तर की साफ-सफाई बनाए रखे एनडीएमसी: दिल्ली के उपराज्यपाल

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 03:15 PM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 03:15 PM IST

नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को एनडीएमसी के कर्मचारियों से कहा कि ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में जिस तरह की साफ-सफाई थी, उसी स्तर की सफाई पूरे साल नियमित रूप से बनाए रखी जाए।

उन्होंने कहा कि साफ-सफाई केवल बड़े आयोजनों तक सीमित नहीं होनी चाहिए। संधू ने एनडीएमसी के कन्वेंशन सेंटर में कर्मचारियों को संबोधित करते हुए ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान उनके काम की तारीफ की।

संधू ने कहा कि बड़े कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी सफाई का वही स्तर बनाए रखा जाना चाहिए।

उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ सेवा से कहा, “हमने हाल ही में ब्रिक्स सम्मेलन देखा और सभी ने इसकी सराहना की। मैंने इसके लिए कर्मचारियों को श्रेय दिया। मेरा कहना है कि ब्रिक्स के दौरान आप दिल्ली में जिस स्तर का काम कर सकते हैं, वैसा ही काम दूसरे दिनों में भी होना चाहिए।”

संधू ने कहा कि सड़कों और पार्कों को साफ रखना हमेशा प्राथमिकता होनी चाहिए।

उन्होंने एनडीएमसी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कर्मचारियों से सहयोग करने की भी अपील की।

उपराज्यपाल ने कहा, “दिल्ली पुलिस इस दिशा में काम कर रही है और अब ‘पिंक स्क्वॉड’ भी बनाई गई है। इसमें कर्मचारियों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है।” उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वे अपनी समस्याएं अपने अधिकारियों और संबंधित प्रशासन के सामने रखें।

संधू ने भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने स्वच्छता अभियानों में स्कूली बच्चों को शामिल करने पर भी जोर दिया।

संधू ने कहा कि बच्चों की भागीदारी से उनके परिवारों पर भी अच्छा असर पड़ सकता है।

उपराज्यपाल ने कहा, “बच्चों की भागीदारी हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। जब बच्चे अपने माता-पिता से किसी बात के बारे में कहते हैं, तो माता-पिता उस बात को जरूर याद रखते हैं।”

भाषा जितेंद्र मनीषा

मनीषा