भुवनेश्वर, 30 अगस्त (भाषा) ओडिशा सरकार ने कहा है कि नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राज्य के चार लोग अब भी लापता हैं, जबकि दो अन्य सुरक्षित भारत पहुंच गए हैं।
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि लापता लोगों की पहचान खुर्दा जिले के निवासी संदीप महापात्रा तथा उनकी पत्नी सिद्धार्थि कुमारी साहू और बरगढ़ जिले की निवासी गुन्नम साई बिंदु कुमारी और उनकी बेटी गुन्नम हरेस्खा के रूप में की गई है।
अधिकारियों के अनुसार, महापात्रा और साहू 2018 से ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं।
उन्होंने बताया कि साई बिंदु कुमारी के पति गुन्नम जय कृष्णा नेपाल में सुरक्षित हैं और उनसे संपर्क साधने के लिए उनकी ‘लोकेशन’ विदेश मंत्रालय के साथ साझा की गई है।
परिवार के अनुसार, जय कृष्णा पिछले छह वर्षों से नेपाल के अपर त्रिशूली में ‘एंडट्रिज हाइड्रोपावर’ के साथ काम कर रहे हैं।
इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि मयूरभंज जिले के बारीपदा निवासी कुलसुम निगार और सुंदरगढ़ जिले की निवासी दीपिका एक्का सुरक्षित रक्सौल पहुंच गई हैं और उन्होंने भारत में प्रवेश कर लिया है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षक हलीम और ओडिशा के छह फुटबॉल खिलाड़ी भी पोखरा में सुरक्षित हैं, जहां राज्य की टीम ने एक फुटबॉल टूर्नामेंट में पहला स्थान हासिल किया था।
भाषा खारी वैभव
वैभव