काठमांडू, 29 अगस्त (भाषा) मध्य नेपाल में और शव बरामद होने के बाद अचानक आई बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 675 हो गई है, जबकि आपदा के बाद 2,400 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नेपाल पुलिस ने बताया कि तलाश एवं बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी रहने के दौरान, प्रभावित सभी आठ जिलों से शव बरामद किये गये।
नेपाल-तिब्बत सीमा के निकट हिमनद के टूटने के बाद हिमस्खलन जैसी घटना से पानी, कीचड़ और मलबे का तेज बहाव नीचे की ओर आया, जिससे बुधवार को मध्य नेपाल में कस्बों और गांवों को तबाह कर दिया, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाया और जलविद्युत केंद्रों को नष्ट कर दिया।
नेपाल पुलिस के एक बयान के अनुसार, अब तक भोटेकोशी बाढ़ के पीड़ितों के 675 शव आठ जिलों से बरामद किए जा चुके हैं।
बयान के मुताबिक, बचावकर्मियों ने चितवन से 246, नवलपरासी पूर्व से 165, नवलपरासी पश्चिम से 63 और गोरखा से 57 शव बरामद किए हैं।
इसके अनुसार इसी तरह, धादिंग जिले से 45, नुवाकोट से 51, तनहूं से 35 और रसुवा जिले से 13 शव बरामद किए गए हैं।
शनिवार तक 2,400 से अधिक लोग लापता थे।
राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के अनुसार नेपाल में बचाव दलों ने शनिवार को अभियान के चौथे दिन लगभग 2,500 फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकाल लिया।
बचाव अभियान के लिए 11,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है, जिनमें 5,000 से अधिक नेपाली सेना के जवान शामिल हैं।
भाषा
देवेंद्र माधव
माधव