शिलांग, नौ सितंबर (भाषा) नॉर्थ इस्टर्न स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (एनईएसओ) ने दक्षिण-पूर्व दिल्ली में 54 वर्षीय मणिपुरी गिटारवादक और संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की हत्या की बुधवार को निंदा की और घटना की त्वरित और निष्पक्ष जांच की मांग की।
सोमवार तड़के किलोकरी गांव में अपने अपार्टमेंट के बाहर शोर-शराबे और शराब के सेवन पर आपत्ति जताने को लेकर सामान की आपूर्ति करने वाले कर्मियों और ढाबा कर्मचारियों के एक समूह ने सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
एनईएसओ के अध्यक्ष सैमुअल बी. जिरवा ने कहा कि यह घटना बहुत परेशान करने वाली है और उन्होंने मांग की कि इसके लिए जिम्मेदार सभी लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाए।
जिरवा ने यहां एक बयान में कहा, ‘‘यह बहुत परेशान करने वाली बात है कि किसी व्यक्ति की जान सिर्फ इसलिए ले ली गई क्योंकि उन्होंने अपने घर के बाहर हो रहे शोर शराबे पर आपत्ति जताई थी। हम घटना की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच तथा इसके लिए जिम्मेदार पाए जाने वाले हर व्यक्ति के लिए कड़ी सजा की मांग करते हैं।’’
उन्होंने कहा कि इस हत्या को देश के अलग-अलग हिस्सों में पूर्वोत्तर के लोगों को झेलनी पड़ रही लगातार परेशानी, नस्ली भेदभाव, उन्हें लेकर लोगों की धारणा, डराने-धमकाने और हिंसा से अलग करके नहीं देखा जा सकता।
जिरवा ने आरोप लगाया, ‘‘सालों से, इस क्षेत्र के बाहर रहने, पढ़ने और काम करने वाले पूर्वोत्तर के नागरिकों ने बार-बार बताया है कि उन्हें अपनी शक्ल-सूरत, पहचान और मूल स्थान के कारण नस्ली टिप्पणियों, मौखिक दुर्व्यवहार, शारीरिक हमलों, सामाजिक भेदभाव और अन्य तरह के अपमान का सामना करना पड़ता है।’’
जिरवा ने अधिकारियों से इस मामले को त्वरित एवं पूरी गंभीरता से देखने तथा यह सुनिश्चित करने को कहा कि अपराध के लिए जिम्मेदार कोई भी व्यक्ति जवाबदेही से बच न पाए।
भाषा सुरभि नरेश
नरेश