जम्मू, 12 जुलाई (भाषा) जम्मू कश्मीर में जारी वार्षिक अमरनाथ यात्रा में शामिल होने के लिए रविवार सुबह जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर से 9,153 तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था रवाना हुआ, जिसमें 2,345 महिलाएं भी शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि 359 वाहनों में सवार तीर्थयात्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गांदरबल जिले के बालटाल और अनंतनाग जिले के नुनवान (पहलगाम) स्थित दो आधार शिविरों के लिए रवाना हुए।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के इस 11वें जत्थे में 18 बच्चे भी शामिल हैं। ये वाहन भगवती नगर आधार शिविर से दो अलग-अलग काफिलों में देर रात दो बजकर 40 मिनट से तीन बजकर 35 मिनट के बीच रवाना हुए।
अधिकारियों ने बताया कि तीन जुलाई से शुरू हुई 57 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा जारी है। इस दौरान अब तक 2.30 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं।
यह तीर्थयात्रा 28 अगस्त को रक्षाबंधन के त्योहार के दिन संपन्न होगी।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन