नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया मंगलवार को तेलंगाना के सनतनगर स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल से देशभर में कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी सात परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
श्रम मंत्रालय ने रविवार को जारी एक बयान में कहा कि लगभग 668 करोड़ रुपये की लागत वाली इन स्वास्थ्य परियोजनाओं से देशभर के करीब 53 लाख लाभार्थियों को चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।
बयान के अनुसार मांडविया सनतनगर स्थित ईएसआईसी अस्पताल के नवनिर्मित बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) भवन का प्रत्यक्ष रूप से उद्घाटन करेंगे। साथ ही वह छह अन्य परियोजनाओं का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन करेंगे।
इन परियोजनाओं में असम के बेलटोला में उन्नत 200 बिस्तर वाला ईएसआईसी अस्पताल, तमिलनाडु के श्रीपेरंबुदूर में 100 बिस्तर वाला ईएसआईसी अस्पताल, आंध्र प्रदेश के राजमहेंद्रवरम में ईएसआईएस अस्पताल, गुजरात के सुरेंद्रनगर में ईएसआई औषधालय एवं शाखा कार्यालय, राजस्थान के कोटा के उद्योग नगर में ईएसआई औषधालय एवं शाखा कार्यालय तथा भवानी मंडी में ईएसआई औषधालय शामिल हैं।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम राज्यमंत्री शोभा करंदलाजे भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगी।
कार्यक्रम के दौरान मांडविया तेलंगाना के सनतनगर स्थित ईएसआईसी अस्पताल के ओपीडी भवन के निर्माण में योगदान देने वाले निर्माण श्रमिकों को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका के लिए सम्मानित करेंगे। वह कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई) योजना के लाभार्थियों को नकद लाभ का वितरण भी करेंगे।
भाषा
योगेश अजय
अजय