नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में 25 वर्षीय नवविवाहिता ने इमारत की चौथी मंजिल से कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या कर ली। उसके परिवार ने उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को हुई घटना के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि महिला ने लगभग तीन महीने पहले अपनी पसंद के लड़के से शादी की थी। उसके परिवार का आरोप है कि शादी के लगभग एक महीने बाद ही पति और उसके परिवार ने सोना और नकदी की मांग शुरू कर दी।
महिला के परिवार का आरोप है कि इन मांगों को लेकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और पिछले कुछ हफ्तों से वह गंभीर तनाव में थी।
घटना की पुष्टि करते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
भाषा नोमान
नोमान मनीषा
मनीषा