दार्जिलिंग के होमस्टे में अंगीठी की आग से नवविवाहिता 60 प्रतिशत झुलसी

दार्जिलिंग के होमस्टे में अंगीठी की आग से नवविवाहिता 60 प्रतिशत झुलसी

दार्जिलिंग के होमस्टे में अंगीठी की आग से नवविवाहिता 60 प्रतिशत झुलसी
Modified Date: September 18, 2026 / 09:34 pm IST
Published Date: September 18, 2026 9:34 pm IST

कोलकाता, 18 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के सिटोंग में एक होमस्टे में अंगीठी में आग लगने से एक नवविवाहिता 60 प्रतिशत झुलस गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश में उसका पति भी झुलस गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

बताया जा रहा है कि खाना पकाने वाले तेल की जगह गलती से केरोसिन डाल देने से आग भड़की।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, निकिता साहा नाम की महिला का सिलीगुड़ी के एक निजी अस्पताल में उपचार किया जा रहा है, जबकि उसके पति समीर दास उसे बचाने की कोशिश में झुलस गए।

अधिकारी ने बताया कि शुरुआती इलाज के बाद दास को छुट्टी दे दी गई। बृहस्पतिवार रात हुई इस घटना के सिलसिले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

उन्होंने बताया कि परिवार ने कुर्सियांग थाने में होमस्टे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और घटना की जांच शुरू हो गई है।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘हमें एक शिकायत मिली है और हम आग लगने की वजह बनी परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही आग लगने का सही कारण पता चल पाएगा।’

पुलिस के अनुसार, उत्तर 24 परगना जिले के चोपड़ा निवासी इस दंपति की शादी करीब दो महीने पहले हुई थी। उसने बताया कि दोनों कई वर्षों से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में थे और कुछ दिन पहले हनीमून के लिए सिटोंग पहुंचे थे।

निकिता के परिजन चोपड़ा से सिलीगुड़ी पहुंच गए हैं और वह जिंदगी के लिए जंग लड़ रही है।

भाषा

शुभम माधव

माधव


लेखक के बारे में