केरल में समाचार रिपोर्टिंग ‘अनैतिक’ होती जा रही : मुख्यमंत्री सतीशन
केरल में समाचार रिपोर्टिंग ‘अनैतिक’ होती जा रही : मुख्यमंत्री सतीशन
कोल्लम (केरल), 11 अगस्त (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य में समाचार रिपोर्टिंग ‘‘पूरी तरह से अनैतिक’’ होती जा रही है।
सतीशन ने ‘सीनियर जर्नलिस्ट्स फोरम केरल’ के एक कार्यक्रम में कहा कि पहले के मुकाबले अब मीडिया और जनप्रतिनिधि एक-दूसरे से व्यक्तिगत संबंध बनाने में हिचकिचाते हैं, और उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि केरल में समाचार मीडिया जिस दिशा में आगे बढ़ रहा है, उस पर आत्ममंथन करने की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘केरल में मीडिया किस दिशा में जा रहा है, इस पर सोचने का समय तो कब का बीत चुका है, क्योंकि यह पूरी तरह से अनैतिक होने की राह पर है। पहले, अगर कोई प्रकाशन गलत खबर छापता था, तो वह 24 घंटे के अंदर माफीनामा या खंडन प्रकाशित कर देता था।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘अब तो वे गलत खबर को वापस भी नहीं लेते। इसके बजाय, गलत होने की जानकारी रहने के बावजूद, वे और झूठ बोलकर उसे सही साबित करने की कोशिश करते हैं।’’
सतीशन ने दावा किया कि जब खबर के लायक कुछ नहीं होता, तो खबर गढ़ी जाती है और उसका प्रसार किया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वह राजनीतिक नेताओं या सरकार की आलोचना की बात नहीं कर रहे हैं, लेकिन जब पत्रकारिता इससे आगे बढ़ जाती है, तो इस पेशे की विश्वसनीयता खत्म हो जाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यधारा का मीडिया ‘क्रेडिट रेटिंग’ बनाने की नयी संस्कृति की ओर बढ़ रहा है, जैसा कि कुछ टेलीविजन चैनलों या मीडिया संस्थानों द्वारा किया जा रहा है।
भाषा सुभाष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


